हिमाचल प्रदेश: मंडी में रेड अलर्ट के बीच भारी बारिश जारी, लैंडस्लाइड से 36 सड़कें बंद और स्कूल-कॉलेज में छुट्टी

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। बीती रात से हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ गई हैं। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 20 और 21 जुलाई को सभी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।

लैंडस्लाइड के कारण 36 सड़कें बंद

जिले में लगातार बारिश की वजह से करीब 36 प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं। कई स्थानों पर चट्टानें और मलबा गिरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें सड़कों को दोबारा खोलने के लिए लगातार काम कर रही हैं। मौसम साफ होते ही सभी रास्ते बहाल कर दिए जाएंगे।

बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं। हालांकि मंडी से गुजरने वाली ब्यास नदी का वाटर लेवल फिलहाल सामान्य है, फिर भी प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि जलभराव और लैंडस्लाइड वाले इलाकों में जाना खतरे से खाली नहीं है।

नारला में हाईवे पर पड़ी दरारें

मंडी-पठानकोट हाईवे पर नारला के पास भारी बारिश से सड़क किनारे बने रिटेनिंग वॉल और मुख्य सड़क में गहरी दरारें आ गई हैं। स्थानीय लोगों ने फोरलेन निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कमजोर निर्माण के कारण आसपास के मकानों पर भी खतरे का साया मंडरा रहा है।

इसके अलावा पधर सब-डिवीजन की नौहली-गलमाठा सड़क पर ड्रेनेज सिस्टम न होने से पानी भर गया है, जिससे रास्ता झील में तब्दील हो गया है। प्रशासन ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और किसी भी इमरजेंसी स्थिति में आपदा प्रबंधन विभाग को तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News