Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित जनप्रतिनिधि के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर जापान, भूटान, नेपाल, फिलीपींस, बेल्जियम, नाइजीरिया और बोत्सवाना सहित कई देशों के शीर्ष नेताओं ने उन्हें बधाई दी। वैश्विक नेताओं ने भारत के विकास और उनकी लीडरशिप की सराहना की।
गुजरात के सीएम से देश के पीएम तक का सफर
पीएम मोदी 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। लगातार तीन कार्यकाल तक राज्य की कमान संभालने के बाद वे मई 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। तब से वे केंद्र सरकार का लगातार नेतृत्व कर रहे हैं और वैश्विक मंच पर भारत की साख को मजबूत बनाया है।
जापान, भूटान और फिलीपींस के नेताओं ने की तारीफ
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने उनके राजनीतिक नेतृत्व को सराहा। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने उनके विजन और जनसेवा की प्रशंसा की। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने कहा कि मोदी का सफर सुशासन, नई टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े विकास पर आधारित रहा है।
नाइजीरिया, नेपाल और अन्य देशों से मिले शुभकामना संदेश
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सफल कार्यकाल की कामना की। नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू ने लोकतंत्र में लगातार 25 साल की सेवा को दुर्लभ उपलब्धि बताया। इसके अलावा बेल्जियम और बोत्सवाना के राष्ट्रप्रमुखों ने भी भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की बात कही।