Kangra News: पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने साफ कहा कि यह प्रोजेक्ट किसी एक मुख्यमंत्री की उपलब्धि नहीं, बल्कि केंद्र और छह राज्यों के साझे प्रयासों का नतीजा है.
गगल एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि नेताओं को फोटो खिंचवाने और क्रेडिट लेने की राजनीति छोड़नी चाहिए. देश की जनता सब देख रही है कि कौन धरातल पर काम कर रहा है और किसे बेवजह श्रेय लेने की जल्दी है. यह प्रोजेक्ट सहकारी संघवाद की बेहतरीन मिसाल है.
सांसद ने बताया कि 15 सितंबर को हिमाचल, उत्तराखंड, यूपी, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने इस समझौते पर दस्तखत किए हैं. केंद्र सरकार जल घटक की 90 प्रतिशत वित्तीय लागत खुद उठाएगी, जबकि बाकी 10 प्रतिशत खर्च सभी छह सहभागी राज्य मिलकर आपस में साझा करेंगे.
यमुना की सहायक टौंस नदी पर प्रस्तावित किशाऊ प्रोजेक्ट से 97 हजार हेक्टेयर जमीन की सिंचाई होगी. इसके साथ ही 1476 मिलियन यूनिट स्वच्छ जलविद्युत का उत्पादन भी होगा. अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस बड़ी परियोजना से सभी राज्यों में सिंचाई, पेयजल और बिजली उत्पादन को बहुत मजबूती मिलेगी.
डिजिटल लेनदेन और यूपीआई के मुद्दे पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि इससे आम लोगों का जीवन बेहद आसान हुआ है. उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष को देश की नीतियों पर भ्रम फैलाने के बजाय भारत को यूपीआई के वैश्विक इस्तेमाल पर गर्व महसूस करना चाहिए.
बीजेपी नेता ने राहुल गांधी के बयानों को अपरिपक्वता से जोड़ते हुए निशाना साधा. अनुराग ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी पहले सिर्फ बीजेपी और उसके नेताओं की आलोचना करती थी, लेकिन अब हद पार करते हुए सीधे देश की ही आलोचना करने पर उतारू हो गई है.