मणिमहेश यात्रा: भरमौर से दो दिन बाद फिर शुरू हुई हेली टैक्सी सेवा, श्रद्धालुओं को मिली बड़ी राहत

Share

- Advertisement -

Chamba News: श्रीमणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर सामने आई है। भरमौर हेलीपैड से बुधवार सुबह नौ बजे हेली टैक्सी सेवा दोबारा शुरू कर दी गई है। पिछले दो दिनों से हवाई सेवा के शुरू होने का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को इससे बड़ी सहूलियत मिली है।

भद्रवाह से आए श्रद्धालुओं की छड़ी यात्रा के प्रस्थान करते ही दोनों हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरना शुरू कर दिया। चलने-फिरने में असमर्थ, बुजुर्ग और अन्य श्रद्धालु पैदल जाने के बजाय हवाई सफर को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे सैकड़ों यात्री दो दिनों से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने की राह देख रहे थे।

हालांकि इस दौरान होली हेलीपैड से हवाई उड़ानें लगातार जारी रही थीं। भरमौर से गौरीकुंड तक का तय किराया 3,828 रुपये है। गौरीकुंड पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं को एक किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय करना होता है। वहां से आगे जाने के लिए पैदल या घोड़े का विकल्प उपलब्ध रहता है।

राधाष्टमी के पावन बड़े न्हौण (शाही स्नान) की तारीख नजदीक आते ही श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता जा रहा है। मंगलवार शाम छह बजे तक मुख्य आधार शिविर हड़सर से करीब 2500 श्रद्धालु पैदल रवाना हुए। सभी यात्री हर-हर महादेव के जयकारों के साथ पवित्र कैलाश पर्वत और डल झील के दर्शन को निकले।

एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने सभी यात्रियों से प्रशासन के नियमों का पालन करने का आग्रह किया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासनिक गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करें और केवल अधिकृत तथा सुरक्षित रास्तों से ही यात्रा करें ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News