Solan News: हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आदमखोर तेंदुए का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। तहसील अर्की के ग्याना गांव में मंगलवार देर रात एक तेंदुए ने हमला कर एक व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है।
मृतक की पहचान हीरालाल के रूप में हुई है, जो वर्षों से वेल्डिंग का काम करके अपने परिवार का पेट पाल रहे थे। मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वे अपनी दुकान में काम कर रहे थे। उसी दौरान तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दर्दनाक घटना के बाद से गांव के लोग गहरे खौफ में हैं। तेंदुए के डर से लोग रात में घरों से बाहर निकलने में भी घबरा रहे हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम से आदमखोर तेंदुए को तुरंत पकड़ने की मांग की है, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।