New Delhi News: अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज भारतीय नौसेना के जहाज से टकरा गया। इस गंभीर घटना के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत यानी चार्ज डी’अफेयर्स को तलब कर कड़ा विरोध जताया है।
राजनयिक साद अहमद वारैच के सामने दर्ज कराया कड़ा विरोध
विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी राजनयिक साद अहमद वारैच को तलब किया। भारत ने स्पष्ट कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में पाकिस्तानी नौसेना इकाइयों का यह व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर था। इसी गैर-जिम्मेदाराना हरकत के कारण दोनों देशों के नौसैनिक जहाजों के बीच यह टक्कर की स्थिति उत्पन्न हुई।
मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तानी युद्धपोत का यह आचरण 1991 के ऐतिहासिक द्विपक्षीय समझौते के अनुच्छेद 10 का खुला उल्लंघन है। यह समझौता दोनों देशों के बीच सैन्य अभ्यासों, युद्धाभ्यासों और सैनिकों की आवाजाही से जुड़ी पूर्व सूचना साझा करने से संबंधित है, जिसे पाकिस्तान ने पूरी तरह नजरअंदाज किया।