Delhi News: दिल्ली सरकार ने 6690 आशा वर्करों के मासिक भत्ते को 3000 रुपए से बढ़ाकर 6000 रुपए कर दिया है। त्यागराज स्टेडियम में आशा सम्मेलन के दौरान इस बढ़ोतरी की घोषणा हुई। इसके अलावा नवजात शिशुओं की मुफ्त जांच का दायरा बढ़ाते हुए 63 गंभीर जन्मजात बीमारियों को योजना में शामिल किया गया है।
आशा वर्कर गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं तक सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। सम्मेलन में उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने इस बड़ी राहत का ऐलान किया। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार भत्ते में बढ़ोतरी की मांग लगभग दस साल से लंबित थी, जिसे पूरा कर सरकार ने स्वास्थ्य कर्मियों को मजबूती दी है।
मिशन अनमोल के तहत नवजातों को मिलेगा मुफ्त इलाज
मिशन अनमोल के तहत नवजात बच्चों की जन्म के 24 से 72 घंटे के भीतर मुफ्त जांच की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जेनेटिक और जन्मजात विकारों की समय रहते पहचान करना है। सरकार का लक्ष्य जांच का दायरा डेढ़ लाख से बढ़ाकर ढाई लाख शिशुओं तक पहुंचाने का है, ताकि सही समय पर सटीक इलाज मिल सके।
सरकार के अनुसार अब तक 75 हजार से अधिक नवजात शिशुओं की जांच पूरी हो चुकी है। इस दौरान 700 से अधिक बच्चों को समय पर जरूरी उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही जीबी पंत अस्पताल में नए अंग प्रत्यारोपण भवन का उद्घाटन हुआ और निजी नर्सिंग होम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल भी शुरू किया गया।