New Delhi News: मानसून की विदाई के बावजूद देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 10 अक्टूबर तक हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में ठंड की शुरुआत हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 12 अक्टूबर तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। बंगाल, बिहार और झारखंड में अगले एक हफ्ते तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। बिहार और झारखंड में 7 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में बारिश धीरे-धीरे कम होगी। मध्य प्रदेश में 9 अक्टूबर और छत्तीसगढ़ में 10 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी 8 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 8 व 10 अक्टूबर को बारिश की संभावना जताई है। राजौरी, पुंछ और ऊधमसिंह नगर में बारिश हो सकती है। अनंतनाग, पुलवामा और डोडा में बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल और उत्तराखंड में 10 अक्टूबर तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी।
दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश के संकेत हैं। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और कुल्लू में बारिश और तूफान की संभावना है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़, देहरादून, रुद्रप्रयाग और चमोली में भी हल्की बारिश हो सकती है।
बारिश का नया दौर चक्रवात और मानसून ट्रफ के कारण शुरू हुआ है। सिक्किम के पास चक्रवातीय हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी बिहार से बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके अलावा मन्नार की खाड़ी से अरब सागर तक बनी ट्रफ लाइन से मौसम बदला है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार और झारखंड के इलाकों से वापसी कर रहा है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, एमपी और गुजरात से मानसून विदा हो चुका है। अगले 48 घंटों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों से भी मानसून पूरी तरह से विदा हो जाएगा।
दक्षिण भारत में केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। कर्नाटक के बेंगलुरू में भी मूसलाधार बारिश की संभावना है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।