Dehradun News: देहरादून जिले में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 इन्फ्लूएंजा का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई 115 सैंपल्स की जांच में 25 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर 408 पहुंच गए हैं।
सक्रिय मरीजों का अस्पतालों में उपचार जारी
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कुल संक्रमितों में से 324 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 82 सक्रिय मामले हैं। नए मिले मरीजों में से नौ को दून और ऋषिकेश के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अब तक जिले में डेथ ऑडिट के बाद स्वाइन फ्लू से दो मौतों की आधिकारिक पुष्टि हुई है।
डेंगू के पांच नए मामले दर्ज, मलेरिया का भी मरीज मिला
जिले में एलाइजा जांच के दौरान पांच नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जिससे कुल मामले 150 हो गए हैं। इनमें बच्चे और युवा भी शामिल हैं। इसके अलावा मलेरिया का भी एक नया मामला सामने आया है। रोकथाम के लिए टीमों ने 11 हजार से ज्यादा घरों का सर्वे कर लार्वा नष्ट करने का अभियान चलाया।