Kangra News: कांगड़ा शहर में यात्रियों की सुविधा वाले रेन शेल्टर नशा तस्करों का नया ठिकाना बन रहे हैं। कांगड़ा पुलिस ने पुराना कांगड़ा रोड स्थित रेन शेल्टर से दो युवकों को 12.46 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
थाना कांगड़ा की गश्त टीम पुराना कांगड़ा रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान शेल्टर में बैठे दो युवकों की संदिग्ध हरकतें देखकर पुलिस ने उन्हें घेर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 12.46 ग्राम नशीला पदार्थ चिट्टा मिला। आरोपियों की पहचान बगली के अमित कुमार और पंचरुखी के निखिल व्यास के रूप में हुई।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस, डीएसपी ने की पुष्टि
पुलिस ने बरामद चिट्टा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किसे बेची जानी थी। डीएसपी टांडा राजेश कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस पूरे नशा नेटवर्क को तोड़ने में जुटी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो-तीन वर्षों में पुलिस आधा दर्जन से ज्यादा तस्करों को ऐसे शेल्टरों से पकड़ चुकी है। इस कार्रवाई से ठीक एक दिन पहले भी कांगड़ा पुलिस ने चरस के साथ दो लोगों को पकड़ा था। सार्वजनिक जगहों पर नशा तस्करों की बढ़ती गतिविधियां स्थानीय लोगों और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी हैं।