ज्वाली में दो हफ्ते के भीतर चोरी की छठी वारदात, बंद घर से लाखों के जेवर व नकदी ले उड़े चोर

Share

- Advertisement -

Kangra News: कांगड़ा जिले के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में सिलसिलेवार चोरियों से स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। पिछले दो सप्ताह में चोरी की छठी घटना सामने आई है। भलूं पंचायत में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी उड़ा ली।

मुख्य दरवाजा तोड़कर कमरों की अलमारियां खंगालीं

वारदात के समय मकान मालिक का परिवार घर पर मौजूद नहीं था। खाली मकान का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अलमारियों के लॉकर खाली कर दिए। घर की निगरानी कर रहे पड़ोसी ने सुबह दरवाजा टूटा देखा और तुरंत पंचायत प्रधान सहित पुलिस को सूचित किया।

चोर सबूत मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ उखाड़ ले गए। मकान मालकिन वर्तमान में दुबई में हैं, जिनके वापस लौटने के बाद ही चोरी हुए सामान की कुल कीमत का सही आंकलन हो सकेगा। लगातार हो रही इन वारदातों से क्षेत्रवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट सहित जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि इलाके के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर गिरोह का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News