Kullu News: कुल्लू जिले के उपमंडल निरमंड में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। शातिर चोरों ने एक रिहायशी मकान में सेंध लगाकर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर निरमंड थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नए मकान को निशाना बनाकर दिया वारदात को अंजाम
यह घटना निथर उपतहसील के अंतर्गत शारवी डाकघर के धागांव में घटी। स्थानीय निवासी चेत राम उर्फ मोहर सिंह ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि चोरों ने उनके नए मकान को निशाना बनाया। शातिरों ने बेहद चालाकी से घर के अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती गहने समेटकर फरार हो गए।
चोरी हुए सामान में एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां और सिर पर पहना जाने वाला पारंपरिक आभूषण दो सोने के चक शामिल हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द पकड़ने की गुहार लगाई है।
सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
निरमंड पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं 331(4) और 305 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के रास्तों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इलाके में सक्रिय पुराने अपराधियों और संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम ने आसपास के गांवों में भी सतर्कता बढ़ा दी है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। अधिकारियों ने दावा किया है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया जाएगा।
