Darchula News: नेपाल के दार्चुला जिले में भारी बारिश के बाद हुए भीषण भूस्खलन से चौलानी नदी का बहाव रुक गया है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ सीमा से सटे इस इलाके में नदी अवरुद्ध होने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर सुरक्षा बल तैनात किए हैं।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से सटे नेपाल के दार्चुला में अपि हिमाल गांव के ऊपर स्थित पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। यह हादसा अपी हिमाल ग्रामीण नगरपालिका के भट्टर इलाके में हुआ। पहाड़ी से भारी मलबा सीधे नदी में गिरने के कारण पानी की स्वाभाविक धारा प्रभावित हुई है।
जिला प्रशासन कार्यालय दार्चुला ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा भूस्खलन हुआ तो नदी पूरी तरह बंद हो सकती है। ऐसी स्थिति में निचले क्षेत्रों में अचानक विनाशकारी बाढ़ आने का बड़ा जोखिम है। स्थानीय प्रशासन ने नदी किनारे बसे सभी परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।
अधिकारियों के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। यह टीम लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सतर्क कर रही है और किसी भी इमरजेंसी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। पूरे क्षेत्र में प्रशासन स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है।
अपि हिमाल के भट्टाड़ गांव के वार्ड अध्यक्ष भगत सिंह ठेकरे बोहरा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर पहाड़ी खिसकने से यह संकट पैदा हुआ। सुरक्षा के लिहाज से भट्टाड़ गांव के 15 परिवारों को तुरंत शिफ्ट किया गया है। पास की तीन हाइड्रोपावर परियोजनाओं के कर्मचारियों को भी सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
सुदूरपश्चिम प्रदेश के मुख्यमंत्री खगराज भट्ट ने सभी स्थानीय एजेंसियों और पुलिस प्रशासन को हाई अलर्ट रहने का आदेश दिया है। इसके साथ ही आम जनता की मदद के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। राहत दल किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए मौके पर मौजूद हैं।
पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार जलवायु परिवर्तन के कारण पूरे हिमालयी क्षेत्र का प्राकृतिक संतुलन तेजी से बिगड़ रहा है। लगातार बढ़ते तापमान से ग्लेशियर पिघल रहे हैं और पहाड़ों की पकड़ कमजोर हो रही है। इस वजह से नेपाल के ऊंचे पहाड़ी हिस्सों में भूस्खलन और नदियां ब्लॉक होने का खतरा लगातार बढ़ रहा है।