Kullu News: कुल्लू जिला मुख्यालय के ब्यासा मोड़ पर वीरवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड पेश आया। एक खड़ी स्कूटी में अचानक लगी आग ने पास ही स्थित हिमानी बुटीक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बुटीक का लाखों रुपये का सामान जल गया, लेकिन दमकल विभाग की मुस्तैदी से कोई जनहानि नहीं हुई।
यह घटना वीरवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे घटी। ब्यासा मोड़ पर दुकान के बाहर तेनजिन नामक व्यक्ति की स्कूटी खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले स्कूटी में अचानक आग भड़की। लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने बुटीक के शटर को पार कर अंदर रखे कीमती कपड़ों को भी अपनी जद में ले लिया।
दमकल विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बुटीक संचालिका हिमानी निवासी पुईद के अनुसार दुकान में ग्राहकों के महंगे सूट और फैंसी कपड़े रखे थे, जो राख हो गए। इस हादसे में करीब 10 से 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई से आग आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। स्कूटी में आग लगने के तकनीकी कारणों और शरारत के एंगल से जांच की जा रही है।