दिल्ली के लक्ष्मी नगर में पुराने सोने के बदले नए जेवर का झांसा देकर 50 करोड़ रुपये की ठगी, आरोपी ज्वेलर फरार

Share

- Advertisement -

Delhi News: पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में पुराने सोने के बदले नए आभूषण देने के नाम पर करीब 50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां गफ्फार ज्वेलर 200 से अधिक महिलाओं को शून्य मेकिंग चार्ज का लालच देकर उनका सोना और जमा पूंजी लेकर फरार हो गया।

दुकानदार ने लोगों को ठगने के लिए पहले एक किट्टी योजना चलाई थी। इस स्कीम में ग्राहक हर महीने निश्चित रकम जमा करते थे। समय पूरा होने पर उन्हें जमा राशि से ज्यादा कीमत का सोना देने का वादा किया गया था। बाद में उसने बिना मेकिंग चार्ज नए गहने देने का ऑफर शुरू किया।

दुकान और मकान बेचकर रातों-रात फरार हुआ आरोपी ज्वेलर

स्कीम के लालच में आकर कई महिलाओं ने अपने 12 से 15 तोले तक पुराने जेवर आरोपी को सौंप दिए। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए उसने कुछ लोगों को ब्याज भी दिया था। लगभग एक हफ्ते पहले जब लोग दुकान पहुंचे तो ताला लटका मिला। पता चला कि आरोपी संपत्तियां बेचकर भाग चुका है।

आर्थिक अपराध शाखा करेगी 50 करोड़ की ठगी की जांच

रविवार शाम पीड़ित महिलाओं ने दुकान के बाहर जमकर हंगामा किया और अपनी जमा पूंजी वापस मांगी। इसके बाद करीब 20 पीड़ितों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार ने बताया कि शिकायतों के आधार पर इस पूरे मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी गई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News