Wayanad News: कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने दिल्ली और बिहार में महिलाओं के खिलाफ हुई हिंसा पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं के प्रति अपराध लगातार अधिक हिंसक होते जा रहे हैं। उन्होंने सरकारों से कड़े कदम उठाने की अपील की।
महिलाओं की सुरक्षा पर केंद्र और राज्य सरकारें उठाएं कदम
प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं के लिए हमेशा से असुरक्षित माहौल रहा है, लेकिन अब स्थिति और भी खराब हो रही है। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा बढ़ रही है। यदि सरकारें महिलाओं की बुनियादी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकतीं, तो बड़ी योजनाओं का कोई मतलब नहीं है।
संसदीय क्षेत्र वायनाड के दौरे पर हैं प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एक राष्ट्रीय विषय है जिस पर सभी को सोचने की जरूरत है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से ठोस नीतियां बनाने का आग्रह किया। वायनाड दौरे पर उन्होंने बताया कि वह स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझने और सुलझाने का प्रयास करेंगी।