Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सुल्तानगंज क्षेत्र में कर्मा-धर्मा पूजा के अवसर पर स्नान करने गए छह बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सभी बच्चे स्थानीय निवासी थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
हादसा सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 27 स्थित तरैटा नारायणपुर बहियार के पास हुआ। जानकारी के अनुसार मृत बच्चों की उम्र करीब 12 वर्ष के आसपास थी। इलाके में बाढ़ की वजह से पहले से काफी पानी भरा हुआ था। बच्चे इसी पानी में नहाने उतरे थे।
स्नान करते समय सभी बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
मृतकों की पहचान पूजा, ज्योति, मिंकी, राहुल, आयुष और विकास के रूप में की गई है। सभी बच्चे विष्णु टोला के निवासी थे। एक साथ छह मासूमों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि बच्चे पानी के पास न जाएं। प्रशासन ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।