Michigan News: अमेरिका में टेक्सास एयर नेशनल गार्ड का एक F-16 फाइटर जेट गुरुवार को मिशिगन की ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी में नियमित अभ्यास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे से ठीक पहले पायलट विमान से बाहर निकलने में सफल रहा। घायल अवस्था में पायलट को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
यह विमान टेक्सास नेशनल गार्ड की 149वीं फाइटर विंग से संबंधित था, जो अल्पेना के कॉम्बैट रेडीनेस सेंटर से उड़ान पर था। सैन्य अधिकारियों ने विमान हादसे की पुष्टि की है, हालांकि क्रैश की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। राहत की बात यह रही कि अन्य कोई हताहत नहीं हुआ है।
विमान से खतरनाक केमिकल रिसाव की आशंका, एक मील का इलाका कराया गया खाली
स्थानीय पुलिस ने हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से क्रैश साइट के एक मील दायरे में रहने वाले लोगों को क्षेत्र खाली करने का निर्देश दिया। विमान से जहरीले केमिकल रिसाव का बड़ा खतरा बना हुआ था। इसके पहले आसपास के निवासियों को घर के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी गई थी।
हादसे के बाद बचाव दलों ने घटनास्थल के रास्तों को सील कर दिया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की बातचीत से अनुमान लगाया जा रहा है कि विमान शायद किसी पक्षी से टकराया था, हालांकि सैन्य अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस पूरे विमान हादसे की व्यापक जांच शुरू कर दी है।