Mugu News: उत्तर-पश्चिमी नेपाल में बुधवार तड़के लगातार दो बार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। हालांकि स्थानीय प्रशासन के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा से जान-माल के भारी नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
मुगु जिले का कलाई क्षेत्र बना भूकंप का मुख्य केंद्र
राष्ट्रीय भूकंपीय अनुसंधान केंद्र के अनुसार पहला झटका देर रात 1:51 बजे आया, जिसकी तीव्रता 4.5 मापी गई। इसके कुछ ही घंटों बाद सुबह 4:28 बजे 4.2 तीव्रता का दूसरा झटका दर्ज किया गया। दोनों झटकों का मुख्य केंद्र मुगु जिले के कलाई क्षेत्र के आसपास जमीन में स्थित था।
पड़ोसी जिलों डोल्पा और जुम्ला में भी धरती कांपने से लोग घरों से बाहर निकल आए। नेपाल भौगोलिक रूप से अत्यधिक भूकंप संभावित जोन में स्थित है। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में किसी भी संभावित खतरे से निपटने और आफ्टरशॉक्स पर कड़ी नजर रखने के लिए निगरानी तंत्र सक्रिय कर दिया है।