Islamabad News: आर्थिक तंगी और खराब सेवाओं के लिए पहचानी जाने वाली पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) फिर विवादों में है। एयरलाइन ने अपनी नई यूनिफॉर्म के लिए नौ डिजाइनरों के साथ फैशन शो आयोजित किया। सोशल मीडिया यूजर्स ने नई वर्दी के बजाय पुरानी समस्याओं को लेकर जमकर खिल्ली उड़ाई।
एयरलाइन ने 16 सितंबर को यह विशेष शो आयोजित किया था, जिसमें 2026 के लिए नए डिजाइन पेश किए गए। प्रबंधन ने इसे पाकिस्तानी फैशन और फ्लाइट के भविष्य का संगम बताया। एक्स पर वीडियो जारी करते हुए एयरलाइन ने फैशन, कार्यक्षमता और पहचान के संगम का दावा भी किया था।
यात्रियों ने बुनियादी सेवाओं पर दागे तीखे सवाल
वीडियो सामने आते ही यात्रियों की प्रतिक्रियाएं फैशन से हटकर एयरलाइन की बदहाल सुविधाओं पर केंद्रित हो गईं। सोशल मीडिया पर लोगों ने पूछा कि क्या अब विमानों का एसी ठीक से चलेगा? यात्रियों ने ट्रांसअटलांटिक उड़ानों में बंद पड़े एसी की पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए तीखा तंज कसा।
एक यूजर हम्जा ने व्यंग्य करते हुए लिखा कि वह उस पल का इंतजार कर रहे हैं, जब डिजाइनर यूनिफॉर्म पहनी एयर होस्टेस फ्लाइट के अनिश्चितकाल के लिए लेट होने का ऐलान करेगी। अन्य यूजर्स ने कहा कि एयरलाइन प्रबंधन अपनी गंभीर समस्याएं सुलझाने के बजाय दिखावे में समय गंवा रहा है।
ब्रांडिंग से पहले इंजीनियरिंग सुधारने की मिली सलाह
कई यात्रियों ने सलाह दी कि नई अलमारी सजाने के बजाय नए विमान, बेहतर सेवाएं और नए रूट शुरू करना प्राथमिकता होनी चाहिए। स्टॉकहोम जैसी सीधी उड़ानें बहाल करने की भी मांग उठी। यूजर शकील जलील ने कहा कि ब्रांडिंग से पहले प्रबंधन को इंजीनियरिंग और ऑपरेशंस पर ध्यान देना चाहिए।