Dubai News: तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई विमान को क्रैश करने की कोशिश के आरोपी को-पायलट हमम अल-हम्मामी का चौंकाने वाला कबूलनामा सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह विमान को जानबूझकर गिराना चाहता था और उसे मौत का बिल्कुल डर नहीं है।
चरमपंथी इतिहास के बावजूद कॉकपिट तक कैसे पहुंचा आरोपी
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार 29 वर्षीय ओमानी नागरिक हम्मामी के कट्टरपंथी बनने की गहन जांच चल रही है। पूर्व नियोक्ता ओमान एयर ने चरमपंथी वेबसाइटें देखने पर उसे उड़ान से रोक दिया था। इसके बाद उसे कट्टरपंथ से मुक्ति के कार्यक्रम में भेजकर सिर्फ डेस्क जॉब दी गई थी।
ओमान एयर छोड़ने के बाद आरोपी को यूएई में नौकरी मिली और फ्लाईदुबई ने उसे काम पर रख लिया। यह स्पष्ट नहीं है कि एयरलाइन को उसके पुराने रिकॉर्ड की जानकारी थी या नहीं। ओमान को भी दूसरे देशों से उसकी पृष्ठभूमि जांच का कोई औपचारिक अनुरोध कभी नहीं मिला था।
सीरिया प्रवास और सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी सोच की पड़ताल
जांच एजेंसियां आरोपी के सीरिया में बिताए समय की पड़ताल कर रही हैं। ओमानी पिता और सीरियाई मां की संतान हम्मामी गृहयुद्ध के दौरान सीरिया में रहा था। अधिकारियों को आशंका है कि विद्रोहियों और असद सरकार के बीच जारी संघर्ष के दौरान ही वह हिंसक कट्टरपंथ की तरफ आकर्षित हुआ था।
आरोपी के पुराने सोशल मीडिया अकाउंट्स के हजारों स्क्रीनशॉट मिले हैं, जिनमें महिलाओं के प्रति नफरत और बेहद रूढ़िवादी विचार दर्ज हैं। जांचकर्ता इन पोस्ट, उसकी पुरानी ऑनलाइन गतिविधियों और सीरिया प्रवास की कड़ियों को जोड़ रहे हैं, ताकि उसके कट्टरपंथी बनने की पूरी प्रक्रिया का पता लगाया जा सके।