Moscow News: यूक्रेन संघर्ष को लेकर अमेरिका और रूस के बीच बढ़ते तनाव के बीच सीआईए निदेशक जॉन रेटक्लिफ मॉस्को पहुंचे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह यात्रा यूक्रेन युद्ध में परमाणु हथियारों के संभावित इस्तेमाल को रोकने और संघर्ष को और अधिक बढ़ने से बचाने के मकसद से की गई है।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि युद्ध के मैदान में दबाव बढ़ने पर रूस आक्रामक कदम उठा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेटक्लिफ ने रूसी अधिकारियों को आगाह किया है। इस संवेदनशील यात्रा के दौरान वाशिंगटन ने कीव को मॉस्को पर हमले रोकने की सलाह भी दी थी।
क्रेमलिन ने की रूसी खुफिया एजेंसी से बातचीत की पुष्टि
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पुष्टि की कि सीआईए प्रमुख ने रूसी खुफिया अधिकारियों के साथ बातचीत की है। हालांकि, रेटक्लिफ की राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सीधी मुलाकात नहीं हुई, लेकिन राष्ट्रपति को इस पूरी बैठक और चर्चा के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत करा दिया गया है।
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि वे इस युद्ध को समाप्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और शायद इस यात्रा से कोई सकारात्मक नतीजा निकले। गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर 2021 में तत्कालीन सीआईए प्रमुख विलियम बर्न्स ने पुतिन से बात की थी।