Washington News: सोशल मीडिया दिग्गज कंपनी मेटा बच्चों और टीनएजर्स की सुरक्षा को लेकर अपनी नीतियों में ऐतिहासिक बदलाव करने जा रही है। नए नियमों के तहत इंस्टाग्राम और फेसबुक पर डिजिटल बेडटाइम लागू होगा। रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच बच्चों के लिए प्लेटफॉर्म एक्सेस पर पूरी तरह रोक रहेगी।
लाइक काउंट छिपाने और कॉस्मेटिक फिल्टर पर कड़ा प्रतिबंध
मेटा की नई पॉलिसी के तहत नाबालिग यूजर्स के पोस्ट से लाइक और रिएक्शन की गिनती हटा दी जाएगी। इसके अलावा कॉस्मेटिक-सर्जरी से जुड़े ब्यूटी फिल्टर्स पर रोक लगेगी और इनफिनिट-स्क्रॉल को सीमित किया जाएगा। टीनएजर्स को एल्गोरिदम वाले फीड के बजाय बिना पर्सनलाइज्ड फीड चुनने का सीधा विकल्प भी मिलेगा।
मेटा करेगा 17.1 बिलियन डॉलर तक का भारी भुगतान
अमेरिकी फेडरल कोर्ट में 47 राज्यों के कड़े मुकदमों के बाद मेटा शुरुआत में 12.7 बिलियन डॉलर देगा, जो बढ़कर 17.1 बिलियन डॉलर (करीब 1.6 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच सकता है। एक स्वतंत्र ऑडिटर कंपनी के सुरक्षा दावों और नियमों की निगरानी करेगा, ताकि भ्रामक दावों पर पूरी रोक लग सके।
पूर्व इंजीनियर की गवाही से सामने आई कड़वी सच्चाई
मेटा के पूर्व सुरक्षा इंजीनियर आर्टुरो बेजार की अदालत में गवाही के बाद यह समझौता हुआ। बेजार ने खुलासा किया था कि कंपनी बच्चों की मेंटल हेल्थ और सुरक्षा के मुकाबले मुनाफे और यूजर एंगेजमेंट को प्राथमिकता देती थी। कंपनी पर बिना पेरेंट्स की सहमति के बच्चों का डेटा जुटाने का भी आरोप लगा था।