New Delhi News: दिग्गज टेक कंपनी ऐपल ने भारत में अपनी लोकप्रिय भुगतान सेवा ऐपल पे को आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया है। यह सर्विस आईफोन, आईपैड और ऐपल वॉच यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है, जबकि मैक के लिए इसका सपोर्ट जल्द जारी होगा। भारतीय यूजर्स अब सीधे टैप करके कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे।
कंपनी के अनुसार, शुरुआत में एक्सिस बैंक के वीजा और मास्टरकार्ड क्रेडिट कार्ड यूजर्स अपने कार्ड को ऐपल पे में लिंक कर सकते हैं। इस कार्ड का इस्तेमाल देश भर के हजारों ऑनलाइन और ऑफलाइन स्टोर्स पर एनएफसी ट्रांजैक्शन के लिए आसानी से किया जा सकता है। इसके लिए किसी अतिरिक्त ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बिना पिन और ओटीपी के मिलेगा सुरक्षित भुगतान का विकल्प
ऐपल पे और वॉलेट की वाइस प्रेसिडेंट जेनिफर बेली ने कहा कि भारत डिजिटल रूप से जागरूक देश है और तेजी से कैशलेस व्यवस्था को अपना रहा है। इस सर्विस के जरिए यूजर्स बिना किसी पिन या ओटीपी डाले आसानी से खरीदारी कर सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म पूरी तरह से सुरक्षित और प्राइवेट पेमेंट अनुभव प्रदान करता है।
सुरक्षा के लिहाज से असली क्रेडिट कार्ड नंबर डिवाइस या कंपनी के सर्वर पर सुरक्षित नहीं किए जाते हैं। इसके बदले एक यूनिक ‘डिवाइस अकाउंट नंबर’ बनाकर सर्टिफाइड चिप में एन्क्रिप्टेड रूप में सुरक्षित रखा जाता है। कंपनी यूजर के ट्रांजैक्शन की निजी जानकारी अपने पास बिल्कुल स्टोर नहीं करती है।
ऐपल वॉलेट में कार्ड जोड़ने का बेहद आसान तरीका
यदि यूजर का फोन खो जाता है, तो ‘फाइंड माई’ ऐप के जरिए डिवाइस को तुरंत लॉक करके ट्रांजैक्शन रोके जा सकते हैं। एक्सिस बैंक के ग्राहक अपने मोबाइल बैंकिंग ऐप के जरिए या फिर सीधे आईफोन के वॉलेट ऐप में जाकर प्लस (+) आइकन पर क्लिक करके अपने कार्ड को आसानी से जोड़ सकते हैं।
कार्ड लिंक होते ही ग्राहक तुरंत इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। खास बात यह है कि ऐपल पे के जरिए भुगतान करने पर भी बैंक से मिलने वाले रिवॉर्ड प्वाइंट्स और अन्य लाभ पहले की तरह जारी रहेंगे। इससे ग्राहकों को त्वरित और आधुनिक भुगतान का नया अनुभव मिलेगा।