Dehradun News: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने से पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। रविवार को बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत राज्य की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ, जबकि निचले इलाकों में तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ीं। राजधानी देहरादून और मसूरी के भी कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
सभी जिलों में मौसम रहेगा साफ, घाटियों में कोहरे की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज से राज्य के किसी भी जनपद में बारिश की संभावना नहीं है और अगले कुछ दिनों तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, पर्वतीय जिलों की घाटियों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है। मौसम साफ और शुष्क होने के साथ ही आने वाले दिनों में पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे सुबह और शाम की ठंड का असर और तेज होगा।
रात के तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं, सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक
वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे नीचे बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान अब भी सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसके चलते दिन के मुकाबले रात और सुबह के तापमान में अभी अपेक्षित गिरावट नहीं हो पाई है।
उत्तराखंड के प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान देहरादून 27.0 15.8 पंतनगर 25.5 16.6 नई टिहरी 17.9 7.6 मुक्तेश्वर 15.4 8.1