Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में करोड़ों रुपये की ड्रोन प्रोजेक्ट फंडिंग और आईआईटी जोधपुर के आयोजन में भागीदारी का दावा करने वाले सर्वेश शर्मा के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो गया है कि सर्वेश शर्मा ने आईआईटी जोधपुर के किसी भी आयोजन में हिस्सा नहीं लिया था, जिसकी पुष्टि संस्थान ने ईमेल के जरिए की है। इसके अलावा 39 पन्नों के कथित अनुबंध पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बड़ू के प्राचार्य के हस्ताक्षर भी नहीं पाए गए हैं।
236 पन्नों की जांच रिपोर्ट सौंपी गई
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने अपनी 236 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट और डिजिटल फुटप्रिंट से जुड़ी रिपोर्ट तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक को सौंप दी है। जांच के दौरान सामने आया है कि जिस कथित अनुबंध को आधार बनाया गया था, उस पर संस्थान के प्राचार्य के हस्ताक्षर नहीं हैं। इसके विपरीत, अनुबंध पर डिफेंस इनोवेशन ऑर्गेनाइजेशन (DIO) के पोर्टल पर दर्शाए गए सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के हस्ताक्षर पाए गए हैं। इन हस्ताक्षरों की सत्यता की पुष्टि के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग अब डीआईओ से आधिकारिक पत्राचार कर रहा है।
ईमेल, दस्तावेजों और डीआईओ की प्रतिक्रिया की जांच
जांच कमेटी ने सर्वेश शर्मा द्वारा कॉलेज प्रबंधन को सौंपे गए ईमेल के स्क्रीनशॉट और अन्य दस्तावेजों की भी बारीकी से पड़ताल की, जिसमें ब्राउजर और ईमेल एड्रेस से जुड़े जरूरी विवरण नदारद मिले। उल्लेखनीय है कि सितंबर महीने में ड्रोन प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों रुपये की फंडिंग मिलने के दावे सामने आने के बाद यह पूरा विवाद शुरू हुआ था।
छानबीन में यह भी सामने आया कि सर्वेश शर्मा ने 27 अक्तूबर को डीआईओ को ईमेल भेजकर खुद को ठगी का शिकार होने की शिकायत की थी। इसके अगले ही दिन डीआईओ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए ड्रोन प्रोजेक्ट की फंडिंग से जुड़े सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया था। कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में इस पोस्ट के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया था।
बालकनी से गिरकर घायल हुआ था सर्वेश, विभाग कर रहा है कार्रवाई
डीआईओ द्वारा दावे खारिज किए जाने और खुलासे के बाद सर्वेश शर्मा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। कुछ समय बाद वह हॉस्टल की बालकनी से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका फिलहाल चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है।
तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक रोहित राठौड़ ने बताया कि कथित अनुबंध पर संस्थान के प्राचार्य के हस्ताक्षर नहीं मिले हैं, बल्कि डीआईओ की वेबसाइट पर दर्शाए गए अधिकारी के हस्ताक्षर पाए गए हैं। इन हस्ताक्षरों की असलियत का पता लगाने के लिए डीआईओ से पत्राचार किया जा रहा है और मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।