सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर राहुल गांधी ने साझा किया कैंब्रिज का किस्सा, गर्लफ्रेंड के साथ गए थे माता-पिता के पसंदीदा रेस्टोरेंट

Share

- Advertisement -

New Delhi News: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को अपनी मां सोनिया गांधी की किताब ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) के विमोचन पर अपने जीवन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि कैंब्रिज में पढ़ाई के दौरान वे अपनी गर्लफ्रेंड को उसी रेस्टोरेंट में ले गए थे, जहां राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे।

सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में बोलते हुए राहुल गांधी ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता की पहली मुलाकात की कहानी कई बार सुनी थी, जो कैंब्रिज के एक रेस्टोरेंट से जुड़ी थी। वर्षों बाद जब वे स्वयं कैंब्रिज में पढ़ाई कर रहे थे, तो उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उस खास जगह पर जाने का फैसला किया।

वेटर ने सुनाई राजीव और सोनिया की यादें

राहुल गांधी ने इस घटना को याद करते हुए कहा, “उनकी मुलाकात की बड़ी कहानी थी कि वे रेस्टोरेंट में कैसे मिले। कई साल बाद मैं कैंब्रिज में था। मैंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा कि चलो इस रेस्टोरेंट में चलते हैं। मैं उसे बताना चाहता था कि मेरे माता-पिता कैसे मिले थे।”

उन्होंने आगे बताया कि उस रेस्टोरेंट के दरवाजे का रंग पीला था। अंदर जाने पर उन्होंने दो लोगों के लिए टेबल ली और मेन्यू देखकर खाना ऑर्डर किया। राहुल के अनुसार, रेस्टोरेंट के वेटर ने उन्हें राजीव गांधी और सोनिया गांधी की मुलाकात से जुड़ी पुरानी यादें सुनाईं। उन्होंने वहां वही चिकन भी मंगाया, जो उनके माता-पिता उस रेस्टोरेंट में खाया करते थे।

कार्यक्रम के दौरान एक पत्रकार द्वारा यह पूछे जाने पर कि अब उस गर्लफ्रेंड से उनका कैसा संपर्क है, राहुल गांधी ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, “वह अब भी मेरी दोस्त हैं।”

माता-पिता के आत्मीय रिश्ते को किया याद

इस अवसर पर राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के आपसी रिश्ते और परिवार के माहौल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि घर में उन्होंने हमेशा राजीव गांधी और सोनिया गांधी को एक-दूसरे के बेहद करीब देखा। उनके लिए घर में पिता की गोद में बैठी मां की तस्वीर ही माता-पिता के प्यार की परिभाषा थी।

राहुल ने बताया कि बचपन में जब वे अपने दोस्तों के घर जाते थे और वहां माता-पिता को इस तरह साथ नहीं देखते थे, तो वे अक्सर अपने दोस्तों से पूछते थे कि उनके माता-पिता ऐसे क्यों नहीं रहते।

1965 में कैंब्रिज के वैरसिटी रेस्टोरेंट में हुई थी पहली मुलाकात

सोनिया गांधी ने भी अपनी किताब में राजीव गांधी से पहली मुलाकात का विस्तार से उल्लेख किया है। किताब के मुताबिक, साल 1965 में कैंब्रिज के ‘वैरसिटी रेस्टोरेंट’ (Varsity Restaurant) में उनकी राजीव गांधी से पहली मुलाकात हुई थी। यह एक छोटा ग्रीक रेस्टोरेंट था, जहां यूरोप और भारत के छात्र अक्सर खाना खाने आते थे।

सोनिया गांधी उन दिनों इंग्लैंड में अपने इतालवी स्वाद के करीब का भोजन तलाश रही थीं और इसी क्रम में वे इस रेस्टोरेंट पहुंची थीं। वहां एक कॉमन फ्रेंड ने उनका परिचय राजीव गांधी से कराया। सोनिया ने लिखा है कि पहली मुलाकात में ही उन्हें राजीव के शांत और सौम्य स्वभाव से एक खास जुड़ाव महसूस हुआ था। इसके बाद दोनों की दोस्ती गहरी होती गई और 25 फरवरी 1968 को दोनों विवाह बंधन में बंध गए।

Read more

Related News