पिथौरागढ़: जैविक कीवी की खेती से नई मिसाल कायम कर रहे मुनस्यारी के भगत वाछमी, युवाओं को भी दे रहे प्रेरणा

Share

- Advertisement -

Pithoragarh News: सीमांत जिले पिथौरागढ़ में किसान जैविक खेती के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। लंबे समय से जैविक कीवी की खेती कर रहे मुनस्यारी विकास खंड के गिरगांव निवासी भगत वाछमी वर्तमान में जिले के सबसे बड़े कीवी काश्तकार बन चुके हैं। उनके बगीचे में कीवी के 250 पौधे हैं, जिनसे इस सीजन में करीब 7 कुंतल कीवी का उत्पादन हुआ है।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री और प्रगतिशील किसान भगत वाछमी ने बताया कि इस वर्ष मौसम अनुकूल न रहने के कारण उत्पादन कुछ सीमित रहा। उनके अनुसार, यदि मौसम ने साथ दिया होता, तो यह उत्पादन आंकड़ा 25 कुंतल से भी अधिक पहुंच सकता था।

क्षेत्र के युवाओं को भी कीवी बागवानी से जोड़ा

भगत वाछमी की इस सफलता से प्रेरित होकर स्थानीय युवा भी अब पारंपरिक खेती के साथ-साथ व्यावसायिक बागवानी की ओर रुख कर रहे हैं। वर्तमान में क्षेत्र के रमेश देवली, राजेंद्र देवली और बहादुर सिंह सहित कई युवा उनके मार्गदर्शन और सहयोग से कीवी बागवानी कर रहे हैं।

क्लस्टर के रूप में विकसित होंगे गांव

भगत वाछमी ने जानकारी दी कि सरकार की ओर से क्षेत्र के इन गांवों को ‘कीवी क्लस्टर’ के रूप में विकसित करने की योजना है। क्लस्टर विकसित होने से पहाड़ी क्षेत्र में बागवानी और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्थानीय काश्तकारों को विपणन (मार्केटिंग), तकनीक और अन्य सरकारी सुविधाओं के माध्यम से बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त हो सकेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News