समस्तीपुर: बुलेट लेकर निकला युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर लगाया जाम

Share

- Advertisement -

Samastipur News: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर दक्षिण बनघारा टोला से मंगलवार शाम बकाया रुपये लेने निकला 28 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक का सुराग न मिलने और मोबाइल बंद होने से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने बुधवार सुबह दलसिंहसराय-सिंघिया पथ पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया।

समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के अचानक लापता होने से इलाके में तनाव फैल गया। कल्याणपुर दक्षिण बनघारा टोला के वार्ड संख्या 11 निवासी किसान जितेंद्र प्रसाद सिंह का 28 वर्षीय पुत्र रोहन मंगलवार शाम से लापता है। बुधवार सुबह तक उसका कोई सुराग न मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने दलसिंहसराय-सिंघिया पथ पर धनिक चौक के समीप सड़क पर आगजनी कर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया। सुबह करीब आठ बजे से शुरू हुए जाम के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।

बकाया रुपये लेने की बात कहकर निकला था घर से

परिजनों के अनुसार, रोहन मंगलवार शाम अपनी बुलेट बाइक से यह कहकर घर से निकला था कि वह किसी से बकाया रुपये लेने जा रहा है और कुछ ही देर में वापस लौट आएगा। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ मिला।

युवक के साथ-साथ उसकी बुलेट बाइक का भी कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने मंगलवार की शाम ही विभूतिपुर थाने में लिखित आवेदन देकर उसके लापता होने की सूचना दे दी थी।

पुलिस कर रही युवक की तलाश

बुधवार सुबह तक युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और युवक की सकुशल बरामदगी की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाने की कोशिश की। युवक के लापता होने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News