पटना-गया एनएच-22 पर तीन गाड़ियों में भीषण टक्कर, हाइवा चालक की मौत और दो मिस्त्री गंभीर घायल

Share

- Advertisement -

Jehanabad News: मखदुमपुर थाना क्षेत्र में पटना-गया एनएच-22 पर प्लेया गांव के पास बुधवार सुबह खराब ट्रक की मरम्मत के दौरान पीछे से आए हाइवा की टक्कर से तीन गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। हादसे में हाइवा चालक की मौत हो गई, जबकि दो मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर किया गया।

मखदुमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-22) पर प्लेया गांव के समीप बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े सरिया लदे खराब ट्रक, मरम्मत के लिए आई पिकअप बोलेरो और पीछे से पहुंचे हाइवा के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मखदुमपुर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी के सहयोग से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया।

मृतक और घायलों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले हाइवा चालक की पहचान नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र स्थित परासी गांव निवासी रोहित कुमार के रूप में की गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो मिस्त्रियों की पहचान बालमुकुंद कुमार और फिरोज आलम के तौर पर हुई है। बालमुकुंद मखदुमपुर के ही निवासी हैं, जबकि फिरोज आलम झारखंड के गोड्डा जिले के रहने वाले बताए गए हैं। दोनों घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।

मरम्मत के दौरान पीछे से हाइवा ने मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, गया से पटना की ओर जा रहा सरिया लदा 14 चक्का ट्रक तकनीकी खराबी आने के कारण रात से ही सड़क पर बंद पड़ा था। बुधवार की सुबह पिकअप बोलेरो में सवार होकर कुछ मिस्त्री उस ट्रक को ठीक करने के लिए मौके पर पहुंचे थे। मिस्त्री जब ट्रक की मरम्मत में जुटे थे, उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे हाइवा ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।

इस भीषण टक्कर की चपेट में पास खड़ी बोलेरो पिकअप भी आ गई। हादसे में हाइवा के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक की मरम्मत कर रहे दोनों मिस्त्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News