Muzaffarpur News: उत्पाद विभाग की टीम ने बेला फेज-टू स्थित नारायणपुर रोड पर छापेमारी कर रद्दी कागज और गत्तों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही करीब 1200 कार्टन विदेशी शराब से लदे 14 चक्का ट्रक को जब्त किया है। मौके से पंजाब निवासी चालक को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ के आधार पर मुख्य तस्कर की तलाश की जा रही है।
उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बेला फेज-टू के नारायणपुर रोड से 14 चक्का वाले पंजाब नंबर के ट्रक से करीब 1200 कार्टन अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग के अनुसार, चालू वर्ष में विभाग द्वारा शराब बरामदगी की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर के ट्रक से अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही एएसआइ नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने नारायणपुर रोड पर छापेमारी की, जहां सड़क किनारे एक संदिग्ध ट्रक खड़ा मिला और चालक भी वहीं मौजूद था।
कागज और गत्तों के नीचे छिपा रखे थे शराब के कार्टन
शुरुआती पूछताछ में चालक ने अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की और ट्रक में केवल ट्रांसपोर्ट का सामान्य माल होने की बात कही। पुलिस और उत्पाद टीम द्वारा कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर उसने ट्रक में शराब लदी होने की बात स्वीकार की।
इसके बाद जब ट्रक का पिछला हिस्सा खोलकर तलाशी ली गई, तो ऊपर बोरियों में रद्दी कागज और गत्ते के टुकड़े भरे मिले। बोरियों को हटाने पर नीचे पंजाब निर्मित तीन अलग-अलग ब्रांड की शराब के कार्टन बरामद हुए। उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 1200 कार्टन है।
10 हजार रुपये के लालच में लाई गई थी खेप
गिरफ्तार चालक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के खमानोल निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान चालक ने खुलासा किया कि उसे बेला क्षेत्र में ट्रक खड़ा करने के निर्देश दिए गए थे, जहां मुख्य शराब माफिया पहुंचकर माल को अपने कब्जे में लेने वाला था।
चालक ने बताया कि पंजाब से बिहार तक खेप पहुंचाने के एवज में उसे 10 हजार रुपये देने का सौदा तय हुआ था। उत्पाद विभाग ने आरोपित चालक के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही शराब की खेप मंगाने वाले मुख्य धंधेबाज की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।