Bengaluru News: इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी अपने छात्रों और पूर्व छात्रों के लिए दो दिवसीय मेगा प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन कर रही है। यह ड्राइव 29 और 30 जुलाई 2026 को बेंगलुरु स्थित इग्नू रीजनल सेंटर में आयोजित की जाएगी।
इस प्लेसमेंट ड्राइव में देश की नामी कंपनियों नोब्रोकर और स्किल वेदांत में सीधे नौकरी और इंटर्नशिप पाने का बेहतरीन मौका मिल रहा है। पढ़ाई पूरी कर चुके या अंतिम सेमेस्टर के छात्र इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
नोब्रोकर में 80 से ज्यादा पदों पर मिलेगी 4.68 लाख का पैकेज
कंपनी नोब्रोकर सेल्स एग्जीक्यूटिव के 80 से अधिक पदों पर भर्तियां कर रही है। इसके तहत चुने गए उम्मीदवारों को 4.68 लाख रुपये सालाना का सीटीसी ऑफर किया जा रहा है। इसमें फिक्स सैलरी के साथ वेरिएबल पे का विकल्प भी मौजूद है।
कंपनी अपने कर्मचारियों को हर साल 1 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस और परफॉर्मेंस इंसेंटिव प्रदान करती है। बेहतर काम करने वाले उम्मीदवारों को साल में प्रमोशन और कॉर्पोरेट ट्रिप जैसे कई अन्य फायदे भी मिलेंगे।
स्किल वेदांत में इंटर्नशिप के साथ मिलेगा प्री-प्लेसमेंट ऑफर
स्किल वेदांत कंपनी बिजनेस डेवलपमेंट फील्ड में 25 से ज्यादा पदों पर इंटर्नशिप दे रही है। चार महीने की इस इंटर्नशिप में हर महीने 18,000 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा। इसके अलावा 15,000 रुपये तक का इंसेंटिव भी हासिल किया जा सकता है।
बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले इंटर्न्स को 4 से 6 लाख रुपये सालाना पैकेज पर फुल-टाइम नौकरी का मौका मिलेगा। चयन प्रक्रिया में ग्रुप डिस्कशन, एचआर राउंड और फाइनल इंटरव्यू शामिल होंगे, जहां उम्मीदवारों के कम्युनिकेशन स्किल्स की परख की जाएगी।
जानिए आवेदन की पात्रता, जरूरी स्किल्स और आवश्यक दस्तावेज
किसी भी स्ट्रीम से ग्रेजुएशन कर चुके या अंतिम सेमेस्टर के छात्र इसमें भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों की हिंदी और अंग्रेजी पर अच्छी पकड़ होनी चाहिए। इसके साथ ही एमएस ऑफिस की जानकारी होना अनिवार्य है।
इच्छुक उम्मीदवारों को 29 और 30 जुलाई को सुबह 10 बजे से पहले बेंगलुरु स्थित इग्नू रीजनल सेंटर पहुंचना होगा। इंटरव्यू के लिए अपडेटेड रिज्यूमे, सरकारी पहचान पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज, पासपोर्ट फोटो और इग्नू आईडी कार्ड साथ ले जाना जरूरी है।