असम के डिगारू स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 6 डिब्बे पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित

Share

- Advertisement -

Guwahati News: असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता से सैरांग जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के अनुसार, इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और सभी सुरक्षित हैं। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने राहत कार्य शुरू कर अन्य ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए हैं।

असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। कोलकाता से मिजोरम के सैरांग जा रही ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे डिगारू रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। घटना सुबह करीब 6:54 बजे उस समय हुई जब ट्रेन स्टेशन पर पहुंच रही थी। अचानक हुए इस डिरेलमेंट से बोगियों में मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ है।

दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हुआ हादसा

भारतीय रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को एक अन्य ट्रेन को पहले रास्ता देने (क्रॉसिंग) के उद्देश्य से स्टेशन पर लाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन के छह कोच पटरी से उतर गए। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि हादसे में किसी भी तरह की कैजुअल्टी नहीं हुई है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

राहत कार्य जारी और रेल यातायात प्रभावित

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के महाप्रबंधक समेत तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। मौके पर रिलीफ ट्रेन को भी भेजा गया है ताकि ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।

इस हादसे के चलते संबंधित रेल खंड पर यातायात प्रभावित हुआ है, जिसके कारण कई ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से चलाया जा रहा है जबकि कुछ के मार्ग बदले (डायवर्ट) गए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए उन्हें उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन का प्रबंध किया है।

Read more

Related News