Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी और सुंदरनगर में 12 और 13 नवंबर को बीपीओ कंपनी में भर्ती के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। मोहाली की प्रोटैक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड 320 पदों पर युवाओं की भर्ती करेगी। इन पदों के लिए 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं और चयनित अभ्यर्थियों को 18 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर है। मोहाली स्थित प्रोटैक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग – बीपीओ) कंपनी द्वारा 320 पदों पर भर्ती के लिए 12 और 13 नवंबर को साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें 300 पद हिंदी भाषी उम्मीदवारों और 20 पद अच्छी अंग्रेजी बोलने वाले उम्मीदवारों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास तय की गई है। आवेदक की आयु सीमा 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इस भर्ती में महिला और पुरुष दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। कंपनी द्वारा फ्रेशर और अनुभवी दोनों तरह के अभ्यर्थियों को अवसर दिया जा रहा है।
चयनित उम्मीदवारों को मिलेगा 18 हजार रुपये तक वेतन
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार, हिंदी भाषी उम्मीदवारों के लिए अधिकतम 16,000 रुपये और अंग्रेजी भाषी उम्मीदवारों के लिए 16,000 से 18,000 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) वेतन निर्धारित किया गया है। चयनित होने वाले उम्मीदवारों को मोहाली स्थित कंपनी के कार्यालय में काम करना होगा। वहां कार्य का समय सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
कब और कहां होंगे साक्षात्कार
भर्ती के लिए साक्षात्कार जिला रोजगार कार्यालय मंडी में 12 नवंबर को और उप-रोजगार कार्यालय सुंदरनगर में 13 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार में भाग लेने के लिए आवेदक का नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में दर्ज होना अनिवार्य है।
इच्छुक उम्मीदवारों को अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, उनकी छायाप्रति (फोटोकॉपी), पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ और रोजगार पंजीकरण पत्र लाना होगा। साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (टीए) नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क कर सकते हैं।