Uttar Pradesh Jobs: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने 12 विभिन्न विभागों में संयुक्त अवर अधीनस्थ सेवा के तहत 1784 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों के लिए आवेदन 10 नवंबर से 1 दिसंबर तक स्वीकार किए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश में इंटरमीडिएट (12वीं) पास सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने 12 विभागों में संयुक्त अवर अधीनस्थ के कुल 1784 पदों पर भर्ती निकाली है। इच्छुक व योग्य अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज यानी 10 नवंबर से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 दिसंबर निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए 8 दिसंबर तक का समय दिया गया है। आयोग ने इस संबंध में 16 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी की थी।
पीईटी-2025 स्कोरकार्ड अनिवार्य
इस भर्ती मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को पीईटी-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। सभी वर्गों के लिए प्रारंभिक ऑनलाइन आवेदन शुल्क 25 रुपये तय किया गया है।
प्रमुख पद और रिक्तियों का विवरण
आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रमुख रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है:
- ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण): 525 पद
- ग्राम पंचायत अधिकारी: 508 पद
- वाणिज्य कर संग्रह अमीन: 235 पद
- भूमि अर्जन अमीन: 187 पद
- समाज कल्याण पर्यवेक्षक: 137 पद
- भंडार पाल एवं लिपिक: 118 पद (सामान्य) और 2 पद (विशेष चयन)
- सहकारी कृषि पर्यवेक्षक: 50 पद
- सारणीयक (टेबुलेटर): 14 पद
- गृहमाता: 5 पद
- प्रक्षेत्र लिपिक: 2 पद
- विक्रयकर्ता: 1 पद
शैक्षणिक योग्यता एवं विशेष शर्तें
सभी पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं (इंटरमीडिएट) उत्तीर्ण रखी गई है, लेकिन कुछ विशिष्ट पदों के लिए अतिरिक्त शर्तें लागू हैं:
- ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी: इंटरमीडिएट के साथ NIELIT से सीसीसी (CCC) कंप्यूटर प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।
- भूमि अर्जन अमीन: इंटरमीडिएट के साथ लेखपाल प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी।
- कारागार प्रशासन (प्रक्षेत्र लिपिक व विक्रयकर्ता): इंटरमीडिएट के साथ संबंधित कार्य (कृषि या बिक्री) में 3 वर्ष का अनुभव और देवनागरी हिंदी का ज्ञान जरूरी है।
- गृहमाता: यह पद केवल इंटर पास महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित है।
इसके अतिरिक्त, प्रादेशिक सेना में 2 वर्ष की सेवा करने वाले या एनसीसी ‘बी’ प्रमाण पत्र धारकों को अधिमानी अर्हता का लाभ मिलेगा। ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर ग्रामीण पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों को भी वरीयता दी जाएगी।
100 अंकों की होगी मुख्य परीक्षा
लिखित परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसके लिए 2 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। परीक्षा में गलत उत्तरों के लिए निगेटिव मार्किंग का प्रावधान रहेगा।
- भाग 1: भारतीय इतिहास, संविधान, सामाजिक विकास, भारत व विश्व भूगोल, अर्थव्यवस्था, ग्राम्य विकास, समसामयिक घटनाएं और विज्ञान-प्रौद्योगिकी से 5-5 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे।
- भाग 2: पर्यावरण (10 अंक), डाटा इंटरप्रिटेशन (10 अंक), सामान्य हिंदी (10 अंक), कंप्यूटर एवं आईटी (15 अंक) और उत्तर प्रदेश सामान्य ज्ञान से जुड़े 20 अंकों के सवाल शामिल होंगे।
भर्ती और पाठ्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना देख सकते हैं।