Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी और नूंह जिलों में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच ने इस संबंध में केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र भेजकर दोनों जिलों में जल्द केंद्र खोलने का आग्रह किया है, ताकि स्थानीय लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने से राहत मिल सके।
लोक सेवा मंच के राष्ट्रीय प्रगतिशील चिंतक अशोक प्रधान ने बताया कि क्षेत्र में चलाए गए जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पासपोर्ट से संबंधित दिक्कतों को साझा किया। वर्तमान में रेवाड़ी और नूंह के आवेदकों को पासपोर्ट आवेदन, सत्यापन और नवीनीकरण जैसे कार्यों के लिए गुरुग्राम, दिल्ली, रोहतक और नारनौल जैसे शहरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
समय और धन की बर्बादी से मिलेगी राहत
अशोक प्रधान के अनुसार, पड़ोसी शहरों में जाने के कारण आवेदकों का न केवल काफी समय बर्बाद होता है, बल्कि उन्हें अनावश्यक आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ता है। रेवाड़ी और नूंह जैसे बढ़ते औद्योगिक व व्यावसायिक महत्व वाले क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर पासपोर्ट सेवा केंद्र की तत्काल आवश्यकता है।
नारनौल और रोहतक में खुले केंद्र, रेवाड़ी-नूंह की मांग अब भी अधूरी
संगठन के अनुसार, इस मांग को लेकर पूर्व में तत्कालीन विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज को भी पत्र लिखे गए थे, लेकिन बाद में कोरोना महामारी के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
उल्लेखनीय है कि भिवानी-महेंद्रगढ़ और रोहतक संसदीय क्षेत्रों के सांसदों के प्रयासों से नारनौल और रोहतक में पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू हो चुके हैं, लेकिन रेवाड़ी और नूंह के निवासियों की यह पुरानी मांग अब तक लंबित है। संगठन ने विदेश मंत्रालय से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की अपील की है।