यूपी पुलिस के दो सीओ आयुषी सिंह और ऋषभ की लखनऊ में हुई सगाई, अगले महीने परिणय सूत्र में बंधेंगे

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात दो पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) आयुषी सिंह और ऋषभ जल्द ही विवाह के बंधन में बंधेंगे। लखनऊ के एक रिसॉर्ट में दोनों अधिकारियों की सगाई संपन्न हुई, जिसमें दोनों के परिजन और नजदीकी रिश्तेदार शामिल हुए। इटावा के जसवंतनगर में तैनात सीओ आयुषी सिंह और लखनऊ में पदस्थ सीओ ऋषभ अगले माह परिणय सूत्र में बंधेंगे।

उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के दो युवा प्रशासनिक अधिकारी जल्द ही जीवनसाथी बनने जा रहे हैं। इटावा जिले के जसवंतनगर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) के पद पर तैनात आयुषी सिंह और लखनऊ में तैनात सीओ ऋषभ की सगाई लखनऊ में आयोजित एक निजी समारोह में हुई। शहीद पथ स्थित सुशांत गोल्फ सिटी के एक रिसॉर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों परिवारों के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में अंगूठी पहनाने की रस्म पूरी की गई।

सगाई समारोह में उपस्थित परिजनों और वरिष्ठों ने दोनों अधिकारियों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिस अधिकारी अगले महीने विवाह के बंधन में बंधेंगे। रिंग सेरेमनी की खबर के बाद जसवंतनगर क्षेत्र और पुलिस महकमे में परिचितों व शुभचिंतकों द्वारा दोनों को बधाइयां दी जा रही हैं।

मुरादाबाद से नाता और पिता की शहादत के बाद का संघर्ष

सीओ आयुषी सिंह मूल रूप से मुरादाबाद की रहने वाली हैं। उनका प्रशासनिक सेवा तक का सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा है। साल 2015 में जब आयुषी 11वीं कक्षा में अध्ययनरत थीं, तब कचहरी परिसर में उनके पिता योगेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दुखद हादसे ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया, जिसके बाद आयुषी ने विपरीत परिस्थितियों और सामाजिक चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने का निर्णय लिया।

दूसरे प्रयास में 62वीं रैंक हासिल कर बनीं डिप्टी एसपी

पिता के सपने को अपना लक्ष्य बनाते हुए आयुषी ने दिल्ली विश्वविद्यालय से अपनी उच्च शिक्षा पूरी की और इसके बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुट गईं। पहले प्रयास में सफलता न मिलने के बावजूद उन्होंने अपनी कमियों को दूर किया और दूसरे प्रयास में यूपीपीएससी (UPPSC) 2022 परीक्षा में 62वीं रैंक हासिल की।

अप्रैल 2023 में परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उनका चयन पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर हुआ। वर्तमान में वह इटावा जिले के जसवंतनगर में सीओ के दायित्व का निर्वहन कर रही हैं।

Read more

Related News