Una News: हिमाचल पथ परिवहन निगम ने ऊना जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करते हुए 17 नई इलेक्ट्रिक बसें बेड़े में शामिल की हैं। जिले में अब ई-बसों की कुल तादाद 52 हो गई है। इनमें हरोली डिपो को 30 और ऊना डिपो को 22 बसें आवंटित की गई हैं।
होशियारपुर, चिंतपूर्णी और बद्दी समेत नए रूटों पर होगा संचालन
नई बसों के लिए निगम ने मुख्य रूट तय कर दिए हैं। अब चिंतपूर्णी-होशियारपुर के चार रूटों के अलावा होशियारपुर-धनेटा और होशियारपुर-धनेड़ मार्गों पर भी ई-बसें दौड़ेंगी। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के लिए दो नए रूट शुरू किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण और औद्योगिक कनेक्टिविटी काफी बेहतर होगी।
लंबी दूरी के मार्गों पर भी मिल रही बेहतरीन सुविधा
जिले में पहले से 35 ई-बसें संचालित थीं, जो अब बढ़कर 52 हो चुकी हैं। निगम इन बसों को चंडीगढ़, शिमला, एम्स बिलासपुर, नालागढ़ और माहिलपुर जैसे महत्वपूर्ण रूटों पर भी चला रहा है। नियमित सेवा मिलने से दैनिक यात्रियों, कर्मचारियों और छात्रों को सफर में बड़ी राहत मिलेगी।
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश जोशी ने बताया कि 17 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने से जिले में परिवहन ढांचा सुधरा है। यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए कुछ रूट फाइनल कर दिए गए हैं, जबकि शेष बसों के रूट तय करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है।