उखली पंचायत में सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए 30 लाख स्वीकृत, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: ग्राम पंचायत उखली के भगोट वार्ड में जनसंपर्क अभियान के दौरान पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर ग्रामीणों ने टिक्कर-सनेड़ और फाफण गांवों के संपर्क मार्गों के कायाकल्प के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि मंजूर करने पर खुशी जताई।

वर्षों से बदहाल पड़ी टिक्कर-सनेड़ सड़क के पुनर्निर्माण के लिए मुख्यमंत्री सड़क योजना से 18 लाख रुपये जारी हुए हैं। वहीं फाफण मोड़ से गांव तक सड़क के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस दौरान वार्ड पंच लेखराज ने गांव की अन्य समस्याओं को रखकर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

उखली चौक पर लगेगी सोलर हाई मास्ट लाइट

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दे रही है। उन्होंने बताया कि हमीरपुर के मुख्य प्रवेश बिंदु उखली चौक के लिए सोलर हाई मास्ट लाइट मंजूर की गई है, जिससे चौक जल्द दूधिया रोशनी से जगमगाएगा।

डॉ. वर्मा ने केंद्र सरकार पर हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव करने का बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को मिलने वाली 8 से 10 हजार करोड़ रुपये की वार्षिक राजस्व घाटा अनुदान राशि (आरडीजी) बंद कर दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी रोजगार और स्वरोजगार की योजनाओं की भी जानकारी दी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News