Shimla News: शिमला जिले के देहा क्षेत्र में पुलिस ने सेब के एक बगीचे में की जा रही अवैध भांग की खेती का भंडाफोड़ किया है। गश्त के दौरान पुलिस टीम को बगीचे से भांग के 35 पौधे मिले। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई किशौर (शिडग) गांव के पास स्थित एक सेब के बगीचे में की गई। जहां सेब के पेड़ों के बीच अवैध रूप से भांग की फसल उगाई जा रही थी। गुप्त सूचना और गश्त के दौरान पुलिस ने इस पूरे मामले की पुष्टि की और तत्काल कार्रवाई को अंजाम दिया।
गश्त के दौरान पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
देहा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे इलाके में गश्त और ट्रैफिक चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सब इंस्पेक्टर और असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर विजय प्रकाश की नजर बगीचे में लगे भांग के पौधों पर पड़ी। टीम ने मौके पर जाकर देखा तो वहां 35 पौधे मिले।
जमीन के मालिकाना हक का पता लगाने के लिए कुठार पटवार सर्कल के पटवारी अभिषेक शर्मा को मौके पर बुलाया गया। पटवारी ने जमीन का सत्यापन किया। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पांच पौधों को सैंपल के तौर पर उखाड़ा गया। पुलिस ने इन पौधों को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ केस
पुलिस अधिकारी ने वीरवार को बताया कि इस संबंध में देहा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। देहा थाना प्रभारी खुद इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस अब जमीन मालिक की भूमिका की जांच में जुटी हुई है।
