Shimla News: हिमाचल प्रदेश में सुबह और शाम ठंड बढ़ने लगी है। जनजातीय इलाकों में पारा शून्य के करीब पहुंच गया है। ताबो में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री दर्ज हुआ। नौ शहरों में तापमान सामान्य से कम रहा। मौसम विभाग ने 24 और 25 अक्टूबर को पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है।
प्रदेश में बीते कुछ दिनों से खिली धूप के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। मैदानी इलाकों में दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 23 अक्टूबर को मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 24 और 25 अक्टूबर को मैदानी क्षेत्रों को छोड़कर उच्च पर्वतीय हिस्सों में बारिश-बर्फबारी होने से ठंड और बढ़ सकती है।
जनजातीय इलाकों में जमने लगी बर्फ
जनजातीय इलाकों में ठंड का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है। ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में तापमान 0.5 डिग्री और कुकुमसेरी में 0.8 डिग्री रहा। किन्नौर जिले के कल्पा में पारा 4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे स्थानीय लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
वीरवार को नाहन में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री गिरकर 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पालमपुर में तापमान 10.2 डिग्री, मंडी में 11.1 डिग्री और बिलासपुर में 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर में 9.4 डिग्री, सोलन में 8.5 डिग्री, भूंतर में 8.4 डिग्री और चंबा में पारा 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मनाली में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, सिओबाग में 7.3 डिग्री और बजौरा में 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कुफरी में पारा 10.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शिमला, बिलासपुर और भरमौर में तापमान 12.0 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा ऊना, कांगड़ा और जुब्बरहट्टी में 13.0 डिग्री, धर्मशाला में 14.6 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 15.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 19.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
24 और 25 अक्टूबर को बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 24 अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 25 अक्टूबर को इन चार जिलों के साथ मंडी में भी मौसम खराब रहेगा। हालांकि विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इसके बाद 26 से 28 अक्टूबर तक मौसम फिर से शुष्क और साफ बना रहेगा।
