Shimla News: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हो गया। समापन समारोह में प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों प्रतिभावान खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
इस खेलकूद प्रतियोगिता में कुल 20 ब्लॉकों के 692 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें 519 सरकारी और 173 निजी स्कूलों के छात्र शामिल थे। प्रतियोगिता के दौरान युवा खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और बैडमिंटन में अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के साथ राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष और स्थानीय विधायक नंद लाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान दे रही है। खेलों से अनुशासन और नेतृत्व क्षमता बढ़ती है।
समारोह में मंत्री ने बताया कि 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में राज्य के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर 48 मेडल जीते। इनमें 8 गोल्ड, 11 सिल्वर और 29 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। सरकार ने प्रदेश में 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल शुरू किए हैं और डाइट मनी बढ़ाकर 250 रुपए कर दी है।
रोहित ठाकुर ने तकलेच स्कूल के खेल मैदान की मरम्मत के लिए 10 लाख रुपए की पहली किस्त देने की घोषणा की। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 50 हजार रुपए की वित्तीय सहायता दी। उन्होंने तकलेच स्कूल को सीबीएसई बोर्ड से जोड़ने वाली 100 स्कूलों की योजना में शामिल करने का ऐलान किया।
प्रतियोगिता के मुकाबलों में कबड्डी में नेरवा ब्लॉक प्रथम और रोहड़ू द्वितीय रहा। वॉलीबॉल में रोहड़ू ने पहला और नेरवा ने दूसरा स्थान पाया। खो-खो में रोहड़ू विजेता और मतियाना उपविजेता बना। बैडमिंटन में नेरवा प्रथम और देहा द्वितीय रहा। शिक्षा मंत्री ने विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।