Shimla News: हिमाचल प्रदेश में गरीब परिवारों की संख्या घटने के बजाय बढ़ गई है। नए सर्वे के नौवें चरण के आंकड़ों के आधार पर प्रदेश में गरीब परिवारों का आंकड़ा अब बढ़कर करीब 2.87 लाख पहुंच गया है। इससे पहले राज्य में ऐसे परिवारों की कुल संख्या 2.66 लाख दर्ज की गई थी।
इस नए सर्वे के बाद गरीब परिवारों की सूची में लगभग 21 हजार परिवारों का इजाफा दर्ज हुआ है। नौवें चरण में चयन प्रक्रिया को पूरा करते हुए 1.09 लाख परिवारों का चयन किया गया है। नए आंकड़ों के मुताबिक, कुल 2.87 लाख गरीब परिवारों में से करीब 1.50 लाख परिवार ऐसे हैं जो पहली बार इस सूची में शामिल हुए हैं।
राज्य सरकार अब इन सभी चयनित परिवारों के लिए विशेष कल्याणकारी योजनाएं तैयार कर रही है। सरकार का मुख्य मकसद इन परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना है। योजना के तहत गरीबों को केवल सूची में दर्ज करने के बजाय उन्हें रोजगार, स्वरोजगार, मकान और सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पहले से बीपीएल सूची में दर्ज 2.66 लाख परिवारों में से केवल 1.16 लाख परिवार ही पुराने रिकॉर्ड वाले हैं। नौवें चरण के दौरान प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर परिवारों का सर्वे और सत्यापन काम पूरा किया गया। इस नए सर्वे ने बीपीएल परिवारों के पुराने आंकड़ों को काफी पीछे छोड़ दिया है।
गरीब परिवारों की सूची में शामिल पात्र महिलाओं को सरकार की ओर से हर महीने 1500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। इसके अलावा इन परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, चरणबद्ध तरीके से पक्के मकान की सुविधा और रोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराए जाते हैं।