Shimla News: अदालत से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर शिमला पुलिस ने चंबा से दो भगौड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में चंबा पुलिस लाइन में तैनात एक पुलिस सिपाही भी शामिल है। पुलिस टीम दोनों को शिमला लाकर संबंधित अदालतों में पेश कर रही है।
मारपीट के मामले में कांगड़ा का मुनीश गिरफ्तार
पहले मामले में कांगड़ा जिले के बैजनाथ निवासी मुनीश कुमार के खिलाफ साल 2019 में मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज हुआ था। चालान कोर्ट में पेश होने के बाद आरोपी सुनवाई से गायब रहा। इसके बाद कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया और पुलिस ने उसे चंबा बाजार से दबोच लिया।
चोरी के प्रयास में आरोपी पुलिसकर्मी भी पकड़ाया
दूसरे मामले में भटियात निवासी अजय कुमार पर 2018 में घर में घुसकर चोरी के प्रयास का आरोप है। आरोपी चंबा पुलिस लाइन में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। कोर्ट में लगातार अनुपस्थित रहने पर 19 जुलाई को उसे चंबा से गिरफ्तार कर शिमला कोर्ट नंबर-3 में पेश किया गया।
कानून सभी के लिए बराबर: एसएसपी गौरव सिंह
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। चाहे आम नागरिक हो या पुलिस कर्मचारी, अदालत के आदेशों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। भगौड़े आरोपियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।