दिवाली के अगले दिन पत्थरों की बरसात, रक्त से हुआ मां भद्रकाली का तिलक; जानें धामी के ऐतिहासिक पत्थर मेले की परंपरा

Share

- Advertisement -

Shimla News: राजधानी शिमला के उपमंडल धामी स्थित हलोग गांव में दिवाली के अगले दिन सदियों पुरानी पत्थर मेले की अनोखी परंपरा निभाई गई। इस दौरान दो खूंदों (योद्धाओं की टोलियों) के बीच करीब 18 मिनट तक पत्थरबाजी हुई। जमोगी खूंद के महेश वर्मा के घायल होने और रक्त निकलने के साथ ही खेल समाप्त कर दिया गया, जिसके बाद उनके रक्त से मां भद्रकाली का तिलक किया गया।

शिमला से लगभग 26 किलोमीटर दूर धामी रियासत के हलोग गांव में दिवाली के अगले दिन पारंपरिक पत्थर मेले का आयोजन पूरे उत्साह और आस्था के साथ संपन्न हुआ। इस मेले की शुरुआत धामी राजपरिवार की ओर से ग्राम देवता देव कुर्गुण और भगवान नरसिंह की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद धामी राजपरिवार के प्रमुख जगदीप सिंह ने पहला पत्थर फेंककर मेले का औपचारिक आगाज किया।

दोपहर 3:36 बजे शुरू हुई पत्थरबाजी करीब 18 मिनट तक चली। दोपहर 3:54 बजे जमोगी खूंद के 30 वर्षीय महेश वर्मा को पत्थर लगा और उनके शरीर से खून बहने लगा। परंपरा के अनुसार, किसी भी प्रतिभागी के शरीर से रक्त निकलते ही पत्थरबाजी तुरंत रोक दी जाती है। इसके बाद महेश के रक्त से मां भद्रकाली का रक्ततिलक किया गया। गोरी गांव निवासी महेश शिमला नगर निगम के जल शक्ति विभाग में की-मैन के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल भेजा गया।

नरबलि प्रथा के स्थान पर शुरू हुई थी परंपरा

धामी राजपरिवार के वंशज जगदीप सिंह के अनुसार, प्राचीन काल में क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए नरबलि देने की प्रथा थी। धामी रियासत की एक पूर्व रानी ने इस अमानवीय प्रथा का विरोध किया और नरबलि बंद करवाकर पत्थरबाजी से निकलने वाले रक्त से देवी के तिलक की परंपरा की शुरुआत की।

इस मेले में किसी व्यक्ति के शरीर से खून निकलना चोट या पराजय का नहीं, बल्कि मां भद्रकाली के आशीर्वाद और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। यही कारण है कि घायल होने के बाद भी प्रतिभागी इसे देवी की कृपा मानकर गर्व महसूस करते हैं।

दो खूंदों के बीच खेल भावना से होता है मुकाबला

हलोग का यह पत्थर मेला दो प्रमुख खूंदों के बीच लड़ा जाता है। एक तरफ धामी राजपरिवार की खूंद के साथ धगोई, जठौती, कटेड़ू और टुनसू गांव की टोलियां मैदान में उतरती हैं, वहीं दूसरी तरफ जमोगी खूंद के लोग हिस्सा लेते हैं। इस आयोजन का उद्देश्य किसी से व्यक्तिगत रंजिश निकालना नहीं, बल्कि पारंपरिक नियमों के तहत खेल भावना से पूर्वजों की धरोहर को जीवित रखना है।

नरसिंह मंदिर के मुख्य पुजारी देवेंद्र कुमार भारद्वाज के अनुसार, यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। कोरोना महामारी के दौरान भी इस धार्मिक विधि को खंडित नहीं होने दिया गया था; तब राजपरिवार के प्रमुख जगदीप सिंह ने स्वयं अपने रक्त से मां भद्रकाली का तिलक कर परंपरा निभाई थी। आज भी यह मेला अपनी ऐतिहासिक पहचान और गहरी आस्था के कारण हलोग और आसपास के क्षेत्रों में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News