Shimla News: देश के कई महानगरों में दीपावली के त्योहारी उल्लास और आतिशबाजी के बाद वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है और वे जहरीले स्मार की चादर में लिपट गए हैं। इसके विपरीत, हिमाचल प्रदेश ने अपनी स्वच्छ और सेहतमंद आबोहवा की साख को मजबूती से बरकरार रखा है। प्रदेश में पटाखों और आतिशबाजी के धुएं का वायु गुणवत्ता पर कोई प्रतिकूल असर नहीं देखा गया है।
देश के एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) की राष्ट्रीय रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश करीब 827वें स्थान पर बना हुआ है, जो यह दर्शाता है कि यहां प्रदूषण का प्रभाव देश के अधिकांश हिस्सों की तुलना में नगण्य है। राज्य में प्रदूषण नियंत्रण के लगातार प्रयासों और प्राकृतिक भौगोलिक स्थिति के चलते पिछले पांच से छह वर्षों में हवा की शुद्धता में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। वर्ष 2020 में प्रदेश का औसत एक्यूआइ लगभग 113 था, जो अब सुधरकर 50 से 60 के सुरक्षित दायरे में आ गया है। इस प्रकार वर्ष 2020 के आंकड़ों की तुलना में राज्य के समग्र वायु प्रदूषण स्तर में 50 प्रतिशत से अधिक की भारी गिरावट आई है।
शिमला में सांस लेना सबसे सुरक्षित
राजधानी शिमला में हवा की शुद्धता राष्ट्रीय मानकों से कहीं बेहतर स्तर पर दर्ज की गई है। यहां पीएम 2.5 का स्तर महज 16 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो अत्यंत सुरक्षित श्रेणी में आता है। इसके अलावा, पीएम 10 का स्तर 49 से 50 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के बीच दर्ज किया गया। शिमला के साथ-साथ मनाली, धर्मशाला और सुंदरनगर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी वायु गुणवत्ता का स्तर उत्कृष्ट से अच्छा बना हुआ है। दीपावली के तीन दिन बीत जाने के बाद भी राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास प्रदेश के सभी शहरों से वायु गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट आ रही हैं।
औद्योगिक क्षेत्रों में भी स्थिति नियंत्रण में
प्रमुख विज्ञानी डा. सुरेश अत्री के अनुसार, राज्यभर में स्थापित ऑनलाइन मानिटरिंग सिस्टम के आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि हिमाचल की वायु गुणवत्ता देश के अधिकांश राज्यों से काफी बेहतर स्थिति में है।
प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों जैसे बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ और कालाअंब में औद्योगिक गतिविधियों के कारण हवा का प्रदूषण स्तर पर्वतीय शहरों की तुलना में थोड़ा अधिक जरूर रहा, लेकिन यह भी पर्यावरण विभाग द्वारा तय किए गए सुरक्षित मानकों की सीमा के भीतर ही दर्ज किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि कड़े प्रशासनिक नियमों और भौगोलिक स्थिति के कारण हिमाचल में प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है।