Shimla News: हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने भैयादूज के अवसर पर पुरुष सरकारी कर्मचारियों को भी छुट्टी का बड़ा तोहफा दिया है। इस बार महिला और पुरुष दोनों सरकारी कर्मचारी भैयादूज का त्योहार अपने परिवार के साथ मना सकेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा लिए गए इस फैसले के बाद राज्यपाल की मंजूरी से सामान्य प्रशासन विभाग ने सार्वजनिक अवकाश की अधिसूचना जारी कर दी है।
सभी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में रहेगा अवकाश
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों और शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा। भैयादूज पर सभी सरकारी कर्मचारियों को छुट्टी देने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के पास भेजा गया था, जिसे मंगलवार दोपहर बाद मंजूरी मिल गई। इसके तुरंत बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी। इस निर्णय से कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है।
रक्षाबंधन और करवाचौथ की तर्ज पर बड़ा फैसला
हिमाचल प्रदेश में पहले रक्षाबंधन, करवाचौथ और भैयादूज जैसे प्रमुख त्योहारों पर केवल महिला कर्मचारियों को ही विशेष अवकाश दिया जाता था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस परंपरा में बदलाव करते हुए पहले रक्षाबंधन और करवाचौथ पर भी पुरुष कर्मचारियों को छुट्टी देने का निर्णय लिया था। अब इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए भैयादूज पर भी महिला और पुरुष दोनों कर्मचारियों को अवकाश देने की घोषणा की गई है।
महिलाओं को एचआरटीसी बसों में मुफ्त सफर की सौगात
भैयादूज के पावन अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी पूर्व की भांति मिलती रहेगी। महिलाएं एचआरटीसी बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगी। हालांकि, यह विशेष सुविधा केवल हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक सीमा के भीतर ही मान्य होगी।