Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले सुक्खू सरकार के मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने नई दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान सरकार और संगठन के कामकाज पर विस्तार से चर्चा हुई।
इन दो विधायकों का नाम दौड़ में सबसे आगे
सूत्रों के मुताबिक नई दिल्ली में मंत्रिमंडल विस्तार और मंत्रियों के विभागों में फेरबदल पर मंथन हुआ। इस दौड़ में कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर और ज्वालाजी के विधायक संजय रतन का नाम सबसे आगे चल रहा है। सुंदर ठाकुर के दिल्ली पहुंचने से राज्य में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
चर्चा है कि शिमला संसदीय क्षेत्र से एक मंत्री को हटाया जा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो दो नए चेहरों को जगह मिलेगी। इस फैसले में क्षेत्रीय संतुलन और 2027 के चुनाव को ध्यान में रखा जाएगा। इसके अलावा विधानसभा उपाध्यक्ष का पद भरने और कुछ मंत्रियों के विभाग बदलने की भी योजना है।
जानिए राज्य में क्या है मंत्रिमंडल का मौजूदा गणित
फिलहाल हिमाचल मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री शामिल हैं। मंडी, कुल्लू, लाहुल-स्पीति और चंबा जिले से कोई मंत्री नहीं है। हालांकि चंबा से विधानसभा अध्यक्ष हैं। शिमला से तीन और कांगड़ा से दो मंत्री हैं, जबकि सोलन, सिरमौर, किन्नौर, बिलासपुर और ऊना से एक-एक मंत्री शामिल हैं।
वहीं कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक अब धर्मशाला के बजाय सोलन के कसौली में हो सकती है। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी में नए सचिव और प्रवक्ताओं की नियुक्ति को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपने की सूची भी जारी कर दी जाएगी।