Shimla News: हिमाचल विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं पर नियम-130 के तहत चर्चा के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कांग्रेस विधायक सुदर्शन बबलू द्वारा स्वतंत्रता संग्राम को लेकर की गई टिप्पणी पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आमने-सामने आ गए।
सदन में स्वास्थ्य सेवाओं की बहस अचानक स्वतंत्रता संग्राम, जनसंघ और राजनीतिक संघर्ष की विरासत पर केंद्रित हो गई। विधायक सुदर्शन बबलू ने विपक्ष पर आजादी का विरोध करने का आरोप लगाया। इस पर जयराम ठाकुर ने सख्त आपत्ति जताई और विधायक के नाम को लेकर तंज कसा।
विधायक के नाम पर तंज और जनसंघ की विरासत पर छिड़ी जंग
जयराम ठाकुर ने कहा कि विधायक पहली बार चुनकर आए हैं, इसलिए उन्हें बबलू की जगह सुदर्शन कहा जाए। इस पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने विधायक का बचाव करते हुए कहा कि विपक्ष को सच से दर्द हुआ है। सीएम ने दो टूक कहा कि किसी भी विधायक की शान के खिलाफ टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि आजादी के समय भाजपा नहीं बल्कि जनसंघ था। उस दौर में न तो वह पैदा हुए थे और न ही जयराम ठाकुर। सीएम ने विपक्ष पर इतिहास बदलने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश के लिए असल संघर्ष किया है।