Shimla News: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर उत्तराखंड पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के खिलाफ हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को शिमला में उपायुक्त कार्यालय के पास कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एफआईआर को तुरंत वापस लेने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी ने पुलिस की इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करार दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी अध्यक्ष के साथ हुए दुर्व्यवहार पर एक्शन लेने के बजाय राहुल गांधी पर केस दर्ज करना बेहद निंदनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था में अभिव्यक्ति की आजादी और विरोध दर्ज कराने के अधिकार पर गहरे सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र सिर्फ चुनाव प्रक्रिया तक सीमित नहीं होता। इसमें विपक्ष की अहम भूमिका, अपनी बात रखने की स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर की जा रही ऐसी कार्रवाइयों का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
इस बड़े विरोध प्रदर्शन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ प्रदेश मंत्रिमंडल के कई सदस्य, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तुरंत रद्द करने की मांग करते हुए केंद्र और बीजेपी शासित राज्यों पर हमला बोला।